Site icon Mainbhibharat

निकोबार में शोम्पेन बस्तियों को मेगा प्रोजेक्ट से बाहर बताना सरकार की चालाकी है

शोम्पेन और निकोबारी जनजातियां हज़ारों सालों से ग्रेट निकोबार द्वीप पर रह रही हैं. शोम्पेन (Shompen tribe) एक अर्ध-खानाबदोश, शिकारी-संग्रहकर्ता समुदाय है और वे ग्रेट निकोबार के घने जंगलों में रहते हैं. वे मोटे तौर पर द्वीप की बाकी आबादी से अलग-थलग हैं. वे एक खास तौर पर कमज़ोर आदिवासी समूह हैं जिनकी आबादी सिर्फ़ लगभग 250 लोग है.

वहीं निकोबारी समुदाय (Nicobarese community) एक बसी हुई आबादी हैं. वे बागान लगाते हैं, मछली पकड़ते हैं और शिकार करते हैं. और हाल के सालों में उन्होंने गुज़ारा करने के लिए दिहाड़ी मज़दूरी का काम भी शुरू कर दिया है.

वे कार निकोबार, लिटिल निकोबार और ग्रेट निकोबार जैसे निकोबार द्वीपों में फैले हुए हैं. ग्रेट निकोबार में निकोबारी लोगों की आबादी लगभग 1,200 है.

निकोबारी भाषा में ग्रेट निकोबार द्वीप को ‘पताई टाकारू’ (Patai Takaru) कहा जाता है, जिसका मतलब है ‘बड़ा द्वीप’ क्योंकि 920 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल के साथ, यह द्वीप निकोबार द्वीप समूह में सबसे बड़ा है.

हमें नहीं पता कि शोम्पेन अपनी ज़मीन और जंगलों के बारे में कैसे सोचते हैं क्योंकि उनकी भाषा को अभी तक समझा नहीं गया है.

ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित ‘ग्रेट निकोबार का समग्र विकास’ प्रोजेक्ट, जिसमें 160 वर्ग किलोमीटर से अधिक भूमि पर एक ट्रांसशिपमेंट बंदरगाह, एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक टाउनशिप और एक बिजली संयंत्र का निर्माण शामिल है… वो निकोबारी और शोम्पेन समुदायों को विस्थापित करेगा जिनका जीवन उनके ज़मीनों से गहराई से जुड़ा हुआ है.

यह उन जंगलों पर कब्ज़ा कर लेगा जिनमें बसे हुए गांव और चारागाह, शिकार और बागानों के लिए इस्तेमाल होने वाले इलाके शामिल हैं.

जैसे गैलाथिया खाड़ी में चिंगेनह, किरासिस और कुर्चिनोम; पेम्मया खाड़ी में हाएंगलोई और पुलो बाहा और नांजप्पा खाड़ी में कोकेओन, बुई जयाए और पुलो पक्का.

‘लिटिल एंड ग्रेट निकोबार ट्राइबल काउंसिल’ के अध्यक्ष बरनबास मंजू ने अपने ऑफिस की दीवार पर टेप से चिपके डॉ मनीष चंडी द्वारा बनाए गए नक्शे की ओर इशारा करते हुए कहा कि ‘जब यह प्रोजेक्ट आएगा तो ये सभी गांव चले जाएंगे. ये सभी आदिवासी गांव हैं.

डॉ चंडी ने यह मैप साल 2000 और 2004 के बीच बनाया था जब वह अंडमान निकोबार एनवायरनमेंट टीम (ANET) के साथ काम कर रहे थे. बाद में उन्होंने मानव पारिस्थितिकी के क्षेत्र में PhD की.

आज तक यह द्वीप का एकमात्र व्यापक नक्शा है जिसमें आदिवासी ज़मीनों की सूची है.

नक्शे में द्वीप के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम तटों पर चिंगेनह, इन हाएंगलोई और कोकेओन जैसी बस्तियां दिखाई गई हैं. ये निकोबारी लोगों के पैतृक गांव हैं, जिन्हें 2004 की सुनामी के बाद सरकार ने राजीव नगर में एक आदिवासी कॉलोनी में बसाया था. इनमें से कुछ इलाके शोम्पेन लोगों के भी हैं. ये दोनों समुदाय जंगल और खेती के उत्पादों का आपस में लेन-देन करते हैं.

दरअसल, चिंगेनह, जिसे बरनबास ने नक्शे पर दिखाया था, ठीक उसी इलाके में है जहां गैलेथिया बे में ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल बनाने का प्रस्ताव है. यह जगह बायोडायवर्सिटी हॉटस्पॉट है और विशाल लेदरबैक कछुओं के लिए दुनिया की सबसे बड़ी घोंसला बनाने वाली जगहों में से एक है.

यह कोई रहस्य नहीं है कि दशकों से ग्रेट निकोबार में स्थानीय प्रशासन आदिवासी इलाकों की पहचान करने के लिए चंडी द्वारा तैयार किए गए नक्शे पर निर्भर रहा है.

इस नक्शे का इस्तेमाल तब किया जाता था जब जनजातियों से संपर्क करना सुविधाजनक होता था. लेकिन जब प्रस्तावित प्रोजेक्ट सीधे तौर पर जनजातियों के जीवन जीने के तरीके के लिए ख़तरा बनता था तो इसे नज़रअंदाज़ कर दिया जाता था.

मेगाप्रोजेक्ट की योजना बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए नक्शों में दोनों आदिवासी समुदायों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली ज़मीनों को सूचीबद्ध नहीं किया गया है. ऐसा तब भी है जब वह ऐसी ज़मीनों पर कब्ज़ा करना चाहता है.

यह बेईमानी दिखाती है कि प्रभावित समुदायों पर भूमि अधिग्रहण के प्रभाव का ईमानदारी से आकलन करने का कोई प्रयास नहीं किया गया या ज़मीन को मिलने वाली सुरक्षा से कोई फर्क नहीं पड़ा.

2004 की सुनामी के बाद बचाव और राहत कार्य आदिवासी इलाकों का पता लगाने के लिए चंडी के नक्शे पर बहुत ज़्यादा निर्भर थे.

दरअसल, कैंपबेल बे में तत्कालीन सहायक आयुक्त के कार्यालय ने विशेष रूप से आदिवासी समुदायों और उनके गांवों का पता लगाने के लिए चंडी से मदद मांगी थी. चंडी ने आदिवासी समुदाय की जनसंख्या और भूमि स्वामित्व पैटर्न का विवरण भी प्रदान किया.

साल 2004 के बाद उन्होंने इस मैप में और भी निकोबारी बस्तियों और शोम्पेन समुदाय के इलाकों को जोड़ा.

हालांकि, यह देखते हुए कि ये कोशिशें एक ही व्यक्ति ने की हैं, यह मैप पूरी तरह से कंप्लीट नहीं है.

यह मानना ​​सुरक्षित है कि अभी भी कई ऐसी आदिवासी बस्तियां और शिकारगाहें हैं जिनका मैप नहीं बना है, खासकर वे जो शोम्पेन समुदाय की हैं.

जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत अंडमान निकोबार ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर और एंथ्रोपोलॉजिस्ट विश्वजीत पांड्या ने कहा, “सरकार के पास आदिवासी इलाकों का कोई सही मैप नहीं है. कोई सिस्टमैटिक मैपिंग की कोशिश नहीं की गई है. वे “ऊपरी सड़क शोम्पेन” और “निचली सड़क शोम्पेन” जैसी अस्पष्ट भाषा का इस्तेमाल करते हैं और ये सड़कें 2004 की सुनामी में बह गई हैं!”

यहां तक ​​कि एंथ्रोपोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (AnSI), जिसमें अंडमान और निकोबार में इसका रीजनल सेंटर भी शामिल है, उनके पास भी ऐसा कोई मैप नहीं है जो ग्रेट निकोबार में शोम्पेन और निकोबारी लोगों की ज़मीनों को दिखाता हो.

इस बात की पुष्टि निकोबारी एंथ्रोपोलॉजिस्ट और AnSI के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एंस्टिस जस्टिन (Anstice Justin) ने की. एंस्टिस भी कार निकोबार के निकोबारी समुदाय से हैं.

पर्यावरण मंजूरी के हिस्से के रूप में जमा किए गए दस्तावेजों में भी परियोजना को केवल कैंपबेल बे, गोविंद नगर, जोगिंदर नगर, विजय नगर, लक्ष्मीनगर, गांधी नगर और शास्त्री नगर के राजस्व क्षेत्रों में सूचीबद्ध किया गया था, इस तथ्य को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ करते हुए कि आदिवासी क्षेत्रों पर भी कब्ज़ा किया जाएगा.

Exit mobile version