मल्हार ओडिशा की एक अर्ध-घुमंतू कोलहारियन जनजाति है. वे महाराष्ट्र राज्य के ठाणे जिले में भी निवास करते हैं जहाँ उन्हें अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा प्राप्त है.
ओडिशा की अनुसूचित जनजाति की सूची में उन्हें क्रम संख्या 36 पर एक अन्य समुदाय ‘कोली’ के साथ सूचीबद्ध किया गया है, जबकि कोली और मल्हार दो अलग-अलग समुदाय हैं और दोनों में कोई क्षेत्रीय या जातीय समानता नहीं है.
एक ही क्रम संख्या के तहत सूचीबद्ध होने के कारण जनगणना में उनकी संयुक्त रूप से गणना की जाती है, जिसके कारण ओडिशा में मल्हार जनजाति के अलग से जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं.
मल्हार संख्यात्मक रूप से एक अल्पसंख्यक समुदाय हैं और ओडिशा के संबलपुर, ढेंकनाल और क्योंझर जिलों में फैले हुए हैं.
मल्हारों का नाम उनकी देवी ‘मल्हारीदेव’ के नाम पर रखा गया है और उन्हें ‘पनभरी’ भी कहा जाता है, जिसका अर्थ है जल वाहक (पानी भरने वाला). लेकिन ठाणे गजट (पृष्ठ 173) में कहा गया है कि ‘मल्हार’ नाम संभवतः द्रविड़ शब्द ‘माला’ से लिया गया है जिसका अर्थ है पहाड़ी.
पहचान
मल्हारों की उत्पत्ति के बारे में डाल्टन ने विचार व्यक्त किया: ‘उनकी किंवदंती के अनुसार, प्राचीन काल में जब पहली बार मानव जाति की रचना हुई थी, तब केवल सात भाई बनाए गए थे जो भोजन इकट्ठा करते थे और अपनी आदतों में शाकाहारी थे. लेकिन सातवां भाई बीमार पैदा हुआ था और दूर के स्थानों की यात्रा करने में असमर्थ था.
जब उनके निवास स्थान में खाने की चीजें, फल और कंद कम हो गए तो उसने उन जानवरों को मारकर भोजन का प्रबंध किया जो उस इलाके में प्रचुर मात्रा में थे.
इसके कारण बड़े भाइयों ने उसे जाति से बाहर कर दिया और छोड़ दिया. विवाह के बाद वह एक अलग पहाड़ी इलाके में बस गया. उससे कई बच्चे पैदा हुए और समय के साथ उनकी संख्या बढ़ गई.
जब आर्य लोगों ने इस क्षेत्र पर आक्रमण किया, तो वे दो समूहों में विभाजित हो गए, जिनमें से एक वर्ग राजमहल पहाड़ी की ओर चला गया, जबकि दूसरे ने शरण स्थल के रूप में उच्च भूमियों की तलाश की.
वे पश्चिम बंगाल में भी रहते हैं जहां उन्हें ‘ढोकरा’ या ‘डोकरा’ कहा जाता है क्योंकि वे एक कारीगर समूह हैं और पीतल की धातु में घुँघरू (tinkering bells) और अनाज मापने के बर्तन जैसे ‘पाई’ और ‘पुआ’ बनाने में लगे हुए हैं. साथ ही हिरण, मोर, लक्ष्मी के साथ अन्य जानवरों और देवी-देवताओं की मूर्तियों जैसी कई चीजें बनाते हैं.
ओडिशा में मल्हार खुद को अपनी पहचान को गौरवान्वित करने के लिए ‘मल्हार’ या ‘जारा सबर’ के रूप में पहचानते हैं, लेकिन अन्य लोग उन्हें ‘मधु वाला’ या ‘मल्ले’ कहते हैं.
वे अपनी मातृभाषा बोलते हैं, जो एक अलिखित बोली है, जो आनुवंशिक और संरचनात्मक रूप से प्रोटो-मुंडा भाषा समूह से संबंधित है और जिसे उत्तरी मुंडा भाषा परिवार के रूप में वर्गीकृत किया गया है.
वे द्विभाषी हैं और स्थानीय भाषा ओड़िया और सादरी भी अच्छी तरह से जानते हैं और अंतर-समूह संचार के लिए ओड़िया लिपि का उपयोग करते हैं.
पहनावा
शुरुआती दिनों में अपने अलगाव और भोजन इकट्ठा करने की स्थिति के दौरान पुरुष केवल एक लंगोटी पहनते थे और महिलाएं अपनी कमर के चारों ओर मोटे पुराने कपड़े का एक छोटा टुकड़ा पहनती थीं जो केवल उनकी कमर से घुटने तक ढकता था.
संपन्न परिवार के पुरुष कभी-कभी बिना आस्तीन की कमीज (बंडी) पहनते हैं. सात साल तक के छोटे बच्चे पूरी तरह नग्न रहते थे.
फिलहाल आधुनिक सभ्यता के साथ संस्कृति-ग्रहण (acculturation) की प्रक्रिया के कारण, उनका पहनावा आधुनिकता के रुझान से काफी प्रभावित हुआ है. अब उनके पुरुष पैंट, धोती, लुंगी, शर्ट, बनियान पहनते हैं.
महिलाएं रंगीन एवं प्रिंटेड साड़ी, साया और ब्लाउज आदि पहनती हैं. महिलाएं अपनी सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के आभूषणों से खुद को सजाना पसंद करती हैं.
मल्हार महिलाएं अपनी कलाई पर रंगीन, कांच, लोहे और पीतल की चूड़ियां, गले में सुंदर डिजाइन वाली मनकों की माला जैसे गरसोली, बारमल और पुतली, बाहों में एल्युमिनियम टडा और कड़े, पबाची, पैरों की उंगलियों में गोडा मुड़ी (तोड़े), गले, कलाई, कान और उंगलियों में अन्य आभूषण पहनती हैं.
वे खुद को सुंदर बनाने के लिए अपने जूड़े को जंगली फूलों और रंगीन रिबन से सजाती हैं.
मल्हार महिलाएं अपनी सुंदरता बढ़ाने के लिए अपने ही समुदाय की अनुभवी महिलाओं द्वारा बनाई गई विभिन्न प्रकार की गोदना (tattoo) अपनी बाहों और पैरों पर बनवाती हैं. हालांकि, वर्तमान में युवा पीढ़ी द्वारा गोदना को एक पुराना फैशन माना जाता है.
जनसंख्या
यह जनजाति मुख्य रूप से ओडिशा के संबलपुर, ढेंकनाल, क्योंझर जिलों और इसके आस-पास के क्षेत्रों में और महाराष्ट्र के ठाणे जिले और पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले में बंटी हुई है.
2011 की जनगणना के अनुसार, कोली समुदाय के साथ ओडिशा में उनकी कुल जनसंख्या 6,423 है, जिसमें पुरुषों की जनसंख्या 3,268 और महिलाओं की 3,155 है. लिंगानुपात 965 है.
उनकी कुल साक्षरता दर 57.57 फीसदी है, जिसमें से पुरुष साक्षरता 65.27 फीसदी और महिला साक्षरता 49.56 फीसदी है.
आवास और बस्ती
मल्हारों का निवास स्थान गहरे जंगलों, पहाड़ी इलाकों या पहाड़ी ढलानों से घिरे अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित है. जहां मध्यम आर्द्रता और वर्षा की जलवायु परिस्थितियां होती हैं. वे बारहमासी पहाड़ी झरनों के पास बसते हैं जो उन्हें साल भर पीने का पानी देते हैं.
मल्हार बस्तियां हमेशा समरूप (homogeneous) होती हैं और तलहटी या पहाड़ी ढलानों के पास घने जंगल के बीच स्थित होती हैं.
विषम (heterogeneous) बस्तियों में वे हमेशा अन्य जातियों के साथ दूरी बनाए रखते हुए अलग टोले में रहते हैं, जिससे उनकी अपनी पहचान बनी रहती है.
क्योंकि ये स्वभाव से घुमंतू हैं, एक जगह स्थायी रूप से नहीं बसते हैं और वन उपज और शहद की तलाश में एक वन क्षेत्र से दूसरे वन क्षेत्र में स्थानांतरित होते रहते हैं.
मल्हार समुदाय के घर पेड़ की शाखाओं और बांस की टहनियों से बनाए जाते हैं और मिट्टी से लीपे जाते हैं. घरों को महिलाओं द्वारा गाय के गोबर के घोल से पॉलिश किए जाते हैं.
उनके घर आमतौर पर एक कमरे के होते हैं जिसमें एक छोटा बरामदा होता है जहां वे परिवार के लिए भोजन पकाते हैं.
उनके पास कुछ घरेलू संपत्तियां होती हैं जैसे एल्युमिनियम की प्लेट, कप, पानी लाने के लिए जग, मग, खाना पकाने के बर्तन और उनके शिकार के हथियार धनुष और तीर आदि. वे केवल अपने उपभोग के लिए और जादुई-धार्मिक कार्यों के दौरान बलि देने के लिए बकरी और मुर्गियां पालते हैं.
आजीविका
मल्हार स्वभाव से घुमंतू हैं और अपने जीवन निर्वाह के लिए शिकारी और भोजन इकट्ठा करने वाले के तौर पर जीवन जीते हैं, जिसे वे मजदूरी, मौसमी वन संग्रह, मछली पकड़ने और पशुपालन जैसे व्यवसायों से पूरा करते हैं.
उन सभी के पास अपने घर से सटा किचन गार्डन का एक छोटा सा टुकड़ा होता है जहां वे अपने लिए बैंगन, झुडुंगा (लोबिया), सेमी (मटर), लाउ (लौकी), कुमुडा (कद्दू), मक्का, मिर्च और हरी पत्तियां जैसी कई सब्जियां उगाते हैं.
मल्हार महिलाएं अपने घरेलू कामों के अलावा मजदूरी में हिस्सा लेकर और मौसमी फल, हरी पत्तियां, मशरूम, फूल, ईंधन की लकड़ी, कंद और अपने घर को छाने के लिए जंगली घास जैसी छोटी वन उपज एकत्र करके अपने पारिवारिक आय में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं.
खान-पान
मल्हार पूरी तरह से मांसाहारी हैं. चावल और रागी उनका मुख्य आहार है. इसके अलावा वे मछली, मांस, चिकन, अंडे और सूखी मछली आदि का भी आनंद लेते हैं लेकिन बीफ (गोमांस) या पोर्क (सूअर का मांस) खाने से परहेज करते हैं.
कठिन मौसम के दौरान वे कई तरह के खाद्य जड़ों, कंदों, पत्तियों, मशरूम और फलों का सेवन करते हैं जिन्हें वे जंगल से इकट्ठा करते हैं.
वे महुआ की शराब (मोहुली), चावल की बियर (हंडिया/पछी), सगो पाम का रस (सलप) और ताड़ी आदि जैसे मादक पेय पदार्थों का सेवन करने के आदी हैं. पुरुष और महिलाएं दोनों हाथ से बनी सिगार (पिका या बीड़ी) पीते हैं और तंबाकू का सेवन करते हैं. वे दूध या दूध से बनी चीजों का सेवन नहीं करते हैं.
सामाजिक जीवन
मल्हार जनजाति एक अंतर्विवाही (endogamous) समुदाय है जो दो उप-समूहों में विभाजित है: बड़घोरी/बड़ाघोरी और छोटघोरी. जनजाति के भीतर सामाजिक पदानुक्रम में बड़ाघोरी विभाग को उच्च और छोटघोरी को निम्न माना जाता है.
ये उप-समूह फिर चार वर्गों में विभाजित हैं: घंटर, खादर, खुदका और डांग. इनमें से प्रत्येक वर्ग फिर से कई गोत्र (clan) समूहों में विभाजित है जैसे बाघ, नाग, कछप, बरहा, बांसा, केरकेट्टा, टोप्पो, कुजुर और टिकुर आदि.
गोत्र के भीतर विभिन्न वंश समूह (gusti / handipaka) हैं जैसे राजमरल, कुलियार, चौधरी, चारमुंडी, तोकोयार और नागपुरिया आदि.
ये गोत्र समूह प्रकृति में टोटमवादी (totemistic) और बहिर्विवाही (exogamous) हैं. गोत्र के सदस्य खुद को एक सामान्य पूर्वज का वंशज मानते हैं. अपने वैवाहिक संबंधों को नियंत्रित करने के लिए वे अपने उप-समूहों और वर्गों में अंतर्विवाह, वंश और गोत्र में बहिर्विवाह का पालन करते हैं.
प्रत्येक गोत्र के सदस्य अपनी टोटमी वस्तुओं का आदर करते हैं और अपने टोटम के सम्मान में वर्जनाओं (taboos) का पालन करते हैं लेकिन इसके सम्मान में विशिष्ट अनुष्ठान नहीं करते हैं.
मल्हार समुदाय वयस्क विवाह और एकविवाह (monogamy) पारंपरिक नियम हैं. बाल विवाह एक पुरानी परंपरा थी, जिसका अब पालन नहीं किया जाता है.
इस समुदाय के लोग उचित बातचीत के माध्यम से तय किए गए विवाह को जीवन साथी प्राप्त करने का एक आदर्श और प्रतिष्ठित तरीका मानते हैं.
विवाह के अन्य तरीके हैं: आपसी सहमति (मानराजी/राजी खुशी), भागकर विवाह (उजुलिया), पकड़कर विवाह (झिक्का), सेवा द्वारा विवाह (घरजमाई), विनिमय द्वारा (बदल कनिया), घुसपैठ द्वारा (घर पासा), देवर विवाह (द्वितीया घरा), साली विवाह (साली बिहा) और चचेरे/ममेरे भाइयों में विवाह.
विधवाओं, विधुरों और तलाकशुदा लोगों के पुनर्विवाह की भी उनके समाज में अनुमति है.
मल्हार समाज में तलाक की अनुमति है और कोई भी पक्ष वैवाहिक जीवन में असंतुलन, बांझपन या नपुंसकता, क्रूरता, संक्रामक रोगों से पीड़ित होने या विवाह के बाद संबंधों में संलिप्तता आदि के आधार पर अपने जीवनसाथी को तलाक दे सकता है.
धार्मिक विश्वास और प्रथाएं
मल्हार ‘जीववाद’ (animism) पर आधारित अपने स्वायत्त जनजातीय धर्म का पालन करते हैं जो हिंदू धर्म के कुछ तत्वों के साथ मिश्रित है. वे भगवान धर्मेश (सूर्य देव) और उनकी पत्नी बसुमाता (पृथ्वी देवी) को अपने सर्वोच्च देवताओं के रूप में पूजते हैं जो परोपकारी हैं.
उनके सर्वदेवमन्दिर में कई देवता भी शामिल हैं. वे जिन महत्वपूर्ण देवताओं को प्रसन्न करते हैं वे हैं करमसैन, चंद्रबती (चंद्रमा), बनादुर्गा, बनराय या बनस्पति (वन देवता).
जंगल की आत्मा को वे चैत पुनिया के दौरान अपने जीवन को बचाने के साथ-साथ जंगल में सांप्रदायिक शिकार में सफल होने के लिए प्रसन्न करते हैं. इस महीने वे बीमारी से बचाने के लिए बकरी की बलि देकर और नारियल चढ़ाकर चेचक की देवी बराभाई मलानी की भी पूजा करते हैं.
उनकी ग्राम देवी ‘गांवदेवी’ का प्रतिनिधित्व सिंदूर से लपेटे गए एक आयताकार पत्थर द्वारा किया जाता है और गांव के बाहरी इलाके में या पहाड़ी की चोटी पर एक पेड़ की छांव में स्थापित किया जाता है. उनके पारंपरिक पुजारी पटियार देवताओं की पूजा करते हैं.
वे भूतों, दुष्ट आत्माओं और चुड़ैलों के अस्तित्व में विश्वास करते हैं. उनका यह भी मानना है कि बीमारी और दुर्भाग्य अलौकिक ताकतों जैसे पूर्वजों, ब्रह्मांडीय और आध्यात्मिक शक्तियों के प्रकोप के कारण होते हैं.
अपने बुरे शकुन को दूर करने के लिए वे अपने ओझा-गुणिया (Gunia) की मदद लेते हैं ताकि वे प्रार्थना और पशु बलि देकर शक्तियों को प्रसन्न कर सकें.
अपने जनजातीय देवताओं के अलावा, वे भगवान जगन्नाथ, महादेव, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा, काली आदि जैसे कई हिंदू देवी-देवताओं की भी पूजा करते हैं और राजा, गमहा, नागपंचमी, मौलामास, दिवाली और होली आदि जैसे कई हिंदू त्योहारों को मनाते हैं.
मल्हारों के पास लोक कथाओं, लोक गीतों के साथ-साथ लोक नृत्यों की समृद्ध मौखिक परंपरा है. जैसे कि ‘गोलवारी’ जिसे वे बच्चे के जन्म समारोह, विवाह नृत्य, कर्म त्योहार मनाने के समय किया जाने वाला ‘कर्म नृत्य’ और ‘झूमर नृत्य’ के दौरान करते हैं जिसे वे मौज-मस्ती के लिए खाली समय में करते हैं.
राजनीतिक जीवन
मल्हारों की गांव के स्तर पर और साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर अपनी पारंपरिक सामुदायिक परिषद (जाति पंचायत) होती है. जिसके धर्मनिरपेक्ष प्रमुख गांव परिषद में ‘प्रधान’ और क्षेत्रीय स्तर पर ‘मलिक’ होते हैं.
अन्य पदाधिकारी हैं ‘पटियार’ (पुजारी प्रमुख जो उनके धार्मिक कार्यों का संचालन करते हैं) और उनके पारंपरिक प्रमुख ‘गोसैन’ हैं. गोसैन उनके विवाह और मृत्यु अनुष्ठानों की अध्यक्षता करते हैं. उनके गांव के संदेशवाहक ‘डाकुआ’ डोम समुदाय से आते हैं.
गांव की परिषद पारिवारिक विवादों, बेटों के बीच पारिवारिक संपत्ति के विभाजन, चोरी, बलात्कार, अनैतिक संबंधों और गांव के स्तर के अनुष्ठानों एवं त्योहारों की व्यवस्था से संबंधित मामलों का फैसला करती है.
जटिल मामले जो गांव के स्तर की परिषद में तय नहीं होते हैं, उन्हें अंतिम निर्णय के लिए उनकी क्षेत्रीय स्तर की परिषद के पास भेजा जाता है. इसी तरह क्षेत्रीय परिषद को अंतर-ग्राम विवादों, तलाक के मामलों का फैसला करने का अधिकार है और यह अंतर-समुदायिक विवादों को भी कम कर सकती है.
पदाधिकारी यानी प्रधान, मलिक, गोसैन और पटियार वंशानुगत आधार पर अपने पद पर आसीन होते हैं. जबकि संदेशवाहक डाकुआ को नामांकन द्वारा नियुक्त किया जाता है और उसे उसकी सेवा के लिए बस्ती के प्रत्येक परिवार द्वारा कुछ अनाज दिया जाता है.
उनकी पारंपरिक सामुदायिक परिषदें उनके पारंपरिक मानदंडों और रीति-रिवाजों के संरक्षक के रूप में काम करती हैं और उनके समाज में पदाधिकारियों का सम्मान किया जाता है.
परिषद को अपराधियों को दंड देने का अधिकार प्राप्त है.
बदलाव
साइंस और टेक्नोलॉजी के विकास के साथ, पिछले कुछ दशकों के दौरान मल्हारों के जीवन शैली में भी बदलाव आया है. उनके समाज में ऐसे बदलाव लाने में शिक्षा एक बड़ी भूमिका निभाती है.
इसके अलावा मल्हारों ने पड़ोसी जातियों और जनजातियों के साथ अपने लंबे जुड़ाव के परिणामस्वरूप उनसे कई नए सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक तत्वों को स्वीकार किया है. उनकी संस्कृति और उससे जुड़े रीति-रिवाज काफी बदल गए हैं.
उनकी घरेलू वस्तुओं को कई आधुनिक यांत्रिक उपकरणों से बदल दिया गया है. अब कई संपन्न मल्हार परिवारों के पास रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल, टेलीविजन, मोबाइल फोन और आधुनिक फर्नीचर हैं.
जनजातीय समूहों के आर्थिक उत्थान के क्षेत्र में सरकार की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण और व्यापक है. सरकार ने आय सृजन और बुनियादी ढांचा विकास योजनाओं के माध्यम से मल्हारों सहित आदिवासी लोगों के लिए कई विकास कार्यक्रम शुरू किए हैं.
सरकार ने ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर शिक्षा, कृषि, संचार, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य और स्वच्छता के माध्यम से विकास हस्तक्षेप शुरू किए हैं.
विभिन्न विकास योजनाओं पर भी उनके बीच जागरूकता पैदा की गई है ताकि वे इन योजनाओं और कार्यक्रमों से लाभ उठा सकें.
वर्तमान में उनकी जीवन शैली, आर्थिक गतिविधियों, सामाजिक समारोहों, खाने की आदतों, पहनावे के पैटर्न, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों आदि में स्पष्ट बदलाव देखा जा सकता है.
हालांकि, मल्हार अभी भी अपने हरे-भरे परिवेश में एक रंगीन सांस्कृतिक जीवन बनाए हुए हैं. उनकी मूल संस्कृति शायद ही बाहरी एजेंसियों से प्रभावित या पूर्वाग्रह से ग्रस्त है.

