Site icon Mainbhibharat

ओडिशा में कांग्रेस ने PESA को तुरंत लागू करने की मांग की, आदिवासी विरोध की दी चेतावनी

ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने शुक्रवार को मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए PESA (पंचायत विस्तार अनुसूचित क्षेत्र) कानून को तुरंत लागू करने की मांग की. साथ ही उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर आदिवासियों की ओर से विरोध का सामना करना पड़ सकता है.

‘पंचायत विस्तार अनुसूचित क्षेत्र’ (PESA) कानून, 1996, अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों को स्वशासन (खुद का शासन चलाने) का अधिकार देता है.

कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता राम चंद्र कदम, जो खुद एक आदिवासी समुदाय से आते हैं. उन्होंने विधानसभा में ‘जीरो आवर’ के दौरान राज्य सरकार पर निशाना साधा.

उन्होंने आरोप लगाया कि औद्योगिकीकरण और खनन के नाम पर मूल निवासियों का शोषण किया जा रहा है.

उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा सरकार ने आदिवासियों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने में वह पूरी तरह विफल रही है.

राम चंद्र कदम ने बताया कि आदिवासी आबादी के मामले में ओडिशा देश में तीसरे स्थान पर है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत की राष्ट्रपति ओडिशा के आदिवासी समुदाय से आती हैं और राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नाइक भी अनुसूचित जनजाति से ही आते हैं.

इसके बावजूद, मूल निवासियों की समस्याओं और शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है.

कांग्रेस विधायक दल के नेता ने भाजपा को याद दिलाया कि उसने अपने चुनावी घोषणापत्र में वादा किया था कि सत्ता में आने पर वे PESA कानून को लागू करेंगे.

कदम ने आरोप लगाया कि 30 महीने बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है.

उन्होंने दावा किया कि PESA कानून और ‘वन अधिकार कानून’ (Forest Rights Act) के तहत आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन पर महत्वपूर्ण अधिकार मिले हुए हैं, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें इन अधिकारों से दूर रख रही है.

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि रायगडा, सुंदरगढ़, मयूरभंज, क्योंझर और कालाहांडी के आदिवासी, औद्योगिक विस्तार और खनन कार्यों का सबसे बुरा असर झेल रहे हैं.

उन्होंने दावा किया कि आदिवासी क्षेत्रों को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण फैसले लेते समय सरकार ग्राम सभाओं और पल्ली सभाओं को पूरी तरह दरकिनार कर रही है.

कदम ने कहा, “यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती. मैं प्रशासन को चेतावनी देता हूं कि अगर सरकार मूल निवासियों के जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा करने में विफल रहती है, तो आदिवासी समुदाय अंततः अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए मामले को अपने हाथों में लेने को मजबूर हो जाएगा.”

Exit mobile version